पंजाब के अमृतसर में दुकानदार की हत्या मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
अमृतसर जिला देहाती पुलिस ने गांव धूलका में दुकानदार की हत्या के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख निवासी पटियाला को मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि सुखप्रीत इलाके में घूम रहा है, जिसके बाद पुलिस टीमों ने तुरंत इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
विज्ञापन
डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सुखप्रीत ने मुख्य आरोपी राजा बिल्ला को हत्या में इस्तेमाल होने वाले हथियार उपलब्ध करवाए थे। बता दें कि सोमवार को रैईया क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी राजा बिल्ला की गोली लगने से मौत हो गई थी।
विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से मामले की कड़ियां और स्पष्ट होंगी और हत्या के पीछे की पूरी साजिश उजागर होने की उम्मीद है। गौर हो कि मुख्य आरोपी राजा बिल्ला ने दुकानदार से 50 लख रुपये की फिरौती मांगी थी। रुपये न देने पर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी थी।