झगड़े के बाद 15 लाख की लूट की झूठी शिकायत करने पर चार लोगों को ममून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बुधवार रात गांव बधानी निवासी राजेश कुमार ने पुलिस हेल्पलाइन पर गांव फंगतोली निवासी जरनैल सिंह के साथ उनकी बोलेरो को रोककर चार बाइक सवारों के 15 लाख रुपये लूटने की सूचना दी थी।
सूचना पर हेल्पलाइन से पठानकोट की पुलिस को अलर्ट जारी किया गया। मौके पर खुद एसएसपी राकेश कौशल, डीएसपी सिटी मनोज कुमार और ममून थाना के एसएचओ राजिंद्र मन्हास पहुंचे। साथ ही जिले भर में रेड अलर्ट जारी कर नाके लगवा दिए गए।
राजेश ने पुलिस को बताया कि वह जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए 15 लाख रुपये अपनी बोलेरो गाड़ी में लेकर जा रहे थे। करोली से बधानी की तरफ जाते समय बाइक सवारों ने उन्हें रोककर पैसे लूट लिए। मामले की छानबीन कर पुलिस ने बाइक सवारों को काबू कर लिया।
जब उनसे पूछताछ की गई तो लूट की सूचना झूठी निकली। एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि दरअसल उक्त दोनों अपनी बोलेरो से जा रहे थे। करोली और फंगतोली गांव के बीच फंगतोली गांव निवासी अजय सिंह और अर्पण सिंह बीच सड़क में बाइक लगाकर नशे की हालत में खड़े थे।
दोनों का बोलेरो सवारों से झगड़ा हो गया। उन्होंने बचने के लिए हेल्पलाइन पर झूठी सूचना दे दी। एसएसपी ने बताया कि उक्त सभी ने शराब पी रखी थी। जांच में भी शराब पीने की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ ममून थाने में मामला दर्ज कर बोलेरो सवारों को भी काबू कर लिया गया है।