अमृतसर में निहंगों ने युवक को पीटा
- फोटो : वीडियो ग्रैब
अमृतसर में नशा बेचने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे निहंग सिंहों ने एक युवक को पकड़कर उसकी डंडों के साथ पिटाई कर दी। इसका एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया गया।
वीडियो में दो निहंग युवक की दोनों बाजू पकड़कर उसे अपने बीच खड़ा किए हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक निहंग उसे डंडे से पीटता है, जबकि दूसरा थप्पड़ मारता नजर आ रहा है। पिटाई के दौरान युवक के चीखने की आवाज भी सुनाई देती है।
वीडियो दशमेश तरना दल के निहंग बाबा गुरदीप सिंह की तरफ से पोस्ट किया गया था। बाबा गुरदीप सिंह के मुताबिक, युवक के नशा बेचने की सूचना उन्हें और उनके साथी निहंगों को मिली थी। इसके बाद निहंगों ने युवक के खिलाफ कार्रवाई की।
बाबा गुरदीप सिंह ने बताया कि वीडियो अमृतसर के किसी गांव का है, लेकिन उन्होंने गांव का नाम बताने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि कई लोग उन्हें गुप्त रूप से नशे और अन्य मामलों की जानकारी देते हैं। सूचना देने वालों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
गुरदीप सिंह ने कहा कि दशमेश तरना दल के मौजूदा मुखी बाबा मेजर सिंह सोढ़ी की अगुवाई में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव जाकर संगत और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को समझाकर सामान्य जीवन में लौटने के लिए प्रेरित किया जाता है।