थाना पुलिस माहिलपुर तथा डीएसपी गढ़शंकर मनजीत सिंह मामले की जांच करते हुए।
- फोटो : amarujala
गांव बघौरा में एक मजदूर की अज्ञात लोगों ने सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी और शव खेतों में फेंक दिया। मृतक की पहचान गुरदेव उर्फ देवी (52) पुत्र करतारा राम निवासी बघौरा के तौर पर हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी माहिलपुर दिलबाग सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के मुताबिक गुरदेव खाना खाने के बाद सो गया। जब परिवार सुबह उठे तो देखा तो वह अपनी चारपाई पर नहीं था। करीब 6-7 बजे गांव के लोगों ने खेतों में गुरदेव का रक्तरंजित शव पड़ा देखकर गांव के सरपंच को सूचित किया।
उन्होंने थाना पुलिस माहिलपुर को सूचित किया। परिजनों के मुताबिक उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है और इसको लूट की घटना भी मान नहीं सकते क्योंकि मृतक के पर्स में से भी सिर्फ 30 रुपये ही निकले हैं।
थाना प्रभारी के मुताबिक हत्या का कारण मृतक के साथ किसी के संबंध भी हो सकते हैं। जिस जगह पर उसका शव पड़ा हुआ था वह उसके घर से काफी दूरी पर है। थाना पुलिस माहिलपुर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हत्या की जांच करने डीएसपी गढ़शंकर मनजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे।