गांव चब्बा खुर्द के पूर्व सरपंच के बेटे का पुरानी रंजिश के चलते छह व्यक्तियों ने फायरिंग करते हुए अपहरण कर लिया गया। थाना चोहला साहिब की पुलिस ने पूर्व सरपंच के बयानों पर छह व्यक्तियों खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में पूर्व सरपंच जुगराज सिंह निवासी चब्बा खुर्द ने बताया कि उसके बेटे समरइकबाल सिंह (25) आईटीआई पट्टी में डिप्लोमा किया है। आईटीआई में पढ़ाई के दौरान कुछ युवकों से तकरार हुई थी। इस पर वह युवक रंजिश मानते थे।
इस रजिंश के चलते गत दिवस जगदीप सिंह, निशान सिंह, मलकीत सिंह उर्फ लड्डू, अमनदीप सिंह उर्फ फौजी, रंजीत सिंह और परमजीत सिंह अलग-अलग तीन गाड़ियों पर हथियारों से लैस होकर आए। आरोपियों ने आते ही हवाई फायर करने शुरू कर दिए और उसके बेटे समरइकबाल सिंह पर जानलेवा हमला करते उसका अपहरण कर लिया।
इसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को कर दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने बताया कि युवक का अपहरण करने के मामले संबंधी पूर्व सरपंच जुगराज सिंह के बयानों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को दबोचकर अपह्त को छुड़ा लिया जाएगा।