विदेशों में कारोबार करवाने के नाम पर एक एनआरआई को झांसे में लेकर फगवाड़ा के एक परिवार ने 15 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। जब उसको शक हुआ तो आरोपियों ने गारंटी के तौर पर गुड़गांव के किसी फ्लैट का बयाना एनआरआई के नाम कर दिया, जो उनका था ही नहीं।
सतनामपुरा पुलिस ने एक परिवार की दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जांच सीआईए स्टाफ के हवाले कर दी गई है। अभी तक सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस की दी शिकायत में सरबजीत सिंह वासी संघेड़ा रोड, बरनाला ने बताया कि वह 25 साल से बेल्जियम में रह रहा है। उसने बताया कि जून 2014 में दिल्ली एयरपोर्ट पर रेडिसन होटल में एक समागम के दौरान उसकी मुलाकात उसके दोस्त बलजिंदर सिंह ने लुकेश शींह और इसके साथी से करवाई।
लुकेश शींह ने उसे बताया कि वह आस्ट्रेलिया में बैंक में काम करता है। लुकेश ने बताया कि वर्ल्ड लेवल बैंकिंग से संबंधित व्यापार संबंधी उसको काफी महारत हासिल है और वह उनका भी कारोबार विदेशों में सैट करवा सकता है। उन्होंने बातों में लेकर व्यापार में इनवेस्टमेंट के लिए उसे मना लिया। सितंबर 2014 में शिकायतकर्ता ने अपने भतीजे बलजीत सिंह के साथ फगवाड़ा आदर्श नगर में लुकेश के घर आकर एक करोड़ रुपये दिए।
3-4 दिन बाद लुकेश अपने माता पिता और परिजनों के साथ आकर उनसे 75 लाख रुपये ले गया। बाद में उसने दुबई में बिजनेस खोलने की बात कहकर उनको दुबई बुलाया। वहां एसीसी मार्केट मरीना में कंपनी रजिस्टर्ड करवाकर उसको 50 फीसदी का भागीदार बना लिया, जबकि बात 75 फीसदी की हुई थी।
बाद में उसने अपने बेटे जसप्रीत को दुबई भेजा। इनके कहने पर अपने रिश्तेदारों से पैसे इनवेस्ट करवा दिए। सब मिलाकर करीब 15 करोड़ रुपये हो गए। पैसा ज्यादा होने से उसे डर लगने लगा। इस पर मोहित ने कहा कि गारंटी के एवज में वह अपने गुड़गांव वाले फ्लैट का बयाना उनके नाम कर देते हैं।
उन्होंने फगवाड़ा में आकर बयाना लिख दिया। बाद में दुबई कंपनी के फर्जी पेपर तैयार करवा कर लुकेश ने अपने पत्नी इदालिम और भाई मोहित को बराबर के भाईवाल बनाकर सारा पैसा अपने और अपनी पत्नी के नाम ट्रांसफर करवा लिया। घोटाले का पता लगने के बाद में सारा परिवार अंडरग्राउंड हो गया।
उन्होंने बयाने वाली कोठी बेचने की कोशिश की तो पता चला कि कोठी भी उनकी नहीं है। वह किराए पर थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर लुकेश, उसके भाई मोहित, पत्नी इदालिम, पिता सोहन शींह, माता वीना वासी आदर्श नगर सतनामपुरा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच फिलहाल सीआईए स्टाफ के पास है।