जिले में सक्रिय डकैतों के एक गिरोह को शुक्रवार रात गांव के बाहर बाग में ग्रामीणों ने घेर लिया। यह देख बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। ग्रामीणों की मुस्तैदी को देखते हुए डकैत भाग खड़े हुए। मौके पर उनकी चार बाइक व अन्य सामान मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक व सामान को कब्जे में ले लिया है। मौके से बरामद कागजात के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
रिसिया क्षेत्र में इन दिनों बदमाशों की दहशत है। इस बीच शुक्रवार रात दर्जनभर डकैत धोबीघाट गांव में जा धमके। गांव के बाहर राजकरन सिंह की बाग में एकत्र डकैतों की आहट खेत गई गांव की महिलाओं को हुई। उन्होंने बाग में टार्च जलने जैसी रोशनी देखी और लौटकर परिवारीजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में ग्रामीण एकत्र हो गए।
आधी रात के करीब ग्रामीणों ने बाग को घेर लिया। ग्रामीणों के ललकारने पर चार डकैत दो बाइक पर सवार होकर भाग निकले लेकिन अन्य सात-आठ अन्य डकैतों को पकड़ने के लिए ग्रामीण आगे बढ़े। इस पर डकैतों ने फायरिंग कर दी। कई राउंड गोली दागी। इसके बावजूद ग्रामीण वहां से हटे नहीं।
खुद को घिरता देख डकैत फायरिंग करते हुए गन्ने व मक्के के खेत से होकर भाग निकले। ग्रामीणों ने पीछा किया लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सके। मौके पर डकैतों की चार बाइक व कुछ सामान छूट गया। गांव निवासी हंसराज यादव, खूसट यादव व लक्ष्मी प्रसाद ने फोन से पुलिस को सूचना दी।
मौके पर थानाध्यक्ष ने डकैतों की चारों बाइक कब्जे में ले ली। बताया कि दो बाइकों में कागजात मिले हैं। उनके आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शीघ्र ही पूरे गिरोह को पकड़ने की बात कही है।