महानगर पुलिस ने अलग-अलग नाकाबंदी करके रेड चिली गिरोह के चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह आंखों में लाल मिर्च फेंककर पर्स, मोबाइल लूटता था।
इसी तरह पुलिस ने दो स्नेचरों और चार वाहन चोरों को गिरफ्तार करके उनके पास से लूट, चोरी के पर्स, मोबाइल फोन और चोरी के वाहन बरामद किए हैं। सिविल लाइन पुलिस और थाना सी डिवीजन पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना सिविल लाइन ने अतुल चावला गली नंबर तीन
शरीफपुरा, आरिम चोपड़ा निवासी गली नंबर पांच रानी बाजार शरीफ पुरा, मनी शर्मा निवासी गली नंबर सात बांके बिहारी वाली गली बटाला रोड और अमित शर्मा निवासी गली नंबर एक बांके बिहारी वाली गली बटाला रोड़ को लोगों के आंखों में लाल मिर्च डालकर लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
इनके पास से चार मोबाइल फोन, पर्स आदि बरामद हुए हैं। नवदीप सिंह और संदीप सिंह दोनों अकाली कालोनी सुल्तानविंड रोड के निवासी हैं। दोनों के पास से चोरी की एक्टिवा बरामद की गई है।
एडीसीपी गौतम सिंघल कहते हैं कि आरोपियों से पूछताछ चल रही है। थाना सी डिवीजन पुलिस ने स्वर्ण सिंह निवासी वरपाल, हरिंदर सिंह निवासी गली नंबर आठ, रांझे दी हवेली, दलबीर सिंह गली नंबर दस, शहीद उधम सिंह नगर, विवेक कुमार निवासी बाबा बुड्ढा कालोनी (झब्बाल), गुरप्रीत सिंह निवासी गली नंबर नौ शहीद उधम सिंह नगर के पास से चोरी का ट्रक (पीबी-04-एन 9464) समेत चोरी के कई दोपहिया वाहन बरामद किया है।
यहां पांच मोबाइल फोन मिले हैं। जांच अधिकारी रणबीर सिंह ने कहा कि पूछताछ के बाद और खुलासे हो सकते हैं।
मतदान के बाद चोरी-लूट की भरमार
मतदान के बाद अब महानगर में रोजाना पांच से सात चोरी व लूट के मामले दर्ज किए जा रहे हैं। रोज क्राइम डायरी में चोरी के आधा दर्जन छोटे-बड़े मामले सामने आ रहे हैं।
क्राइम डायरी में पेरोल पर जेल से छूटे और समय से जेल न पहुंचे कैदियों की गिरफ्तारी की गिनती बढ़ी है। कुल मिलाकर महानगर में पुलिस की क्राइम डायरी का ही आंकलन करे तो मतदान के बाद चोरी, स्नैचिंग व लूट के मामले तेजी से बढ़े हैं।