त्योहारी सीजन के दौरान पंजाब की अमन शांति को भंग करने की नापाक साजिशें रची जा रही हैं। हालांकि पंजाब पुलिस की तत्परता से आरोपियों के मंसूबे नाकाम किए जा रहे हैं। इसी बीच पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार व नशा तस्करी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है।
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर ने केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9 एमएम कैलिबर की चार ग्लॉक पिस्टल, कारतूस और दो किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम अरोड़ा, गुरप्रीत सिंह, अनमोलदीप सिंह (तीनों अमृतसर निवासी), अभिषेक सिंह और कुलमीत सिंह (दोनों जिला तरनतारन निवासी) के रूप में की गई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दुबई में बैठे तस्कर के इशारे पर काम कर रहे थे जो पाकिस्तान में अपने सहयोगियों से जुड़े हुए हैं। इस मौके पर बरामद माल पाकिस्तान से भेजा गया था।
एआईजी एसएसओसी अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई और जांच में इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में फिलहाल जांच चल रही है।