बैंक आफ बड़ौदा मौली शाखा में सेंधमारी करने का मामला सामने आया है। लुटेरे बैंक के अंदर घुस कर दीवार तोड़ कर एटीएम को तोड़ने में सफल रहे पर नकदी उनके हाथ नहीं लगी। लुटेरों ने स्ट्रांग रूम को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
सूचना मिलने पर एसपी फगवाड़ा अश्वनी कुमार,सदर थाना प्रभारी सुरिंदर पाल सिंह,अर्बन एस्टेट चौंकी प्रभारी सुखविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस का दावा है लुटेरे शीघ्र पुलिस हिरासत में होंगे। पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी डीवीआर कब्जे में लेकर दो व्यक्तियों की शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बैंक के शाखा प्रबंधक सिद्धार्थ महाजन ने पुलिस को बताया कि सुबह 7 बजे सुरक्षा कर्मी मनजीत ने उन्हें सूचना दी एटीएम टूटा हुआ है और साथ लगती बैंक की दीवार भी टूटी है।
इस पर वह तुरंत बैंक पहुंचे। उन्होंने देखा कि बदमाश दीवार फांद कर अंदर घुसे और गेट तोड़ कर बैंक में प्रवेश कर गए। उन्होंने स्ट्रांग रूम तोड़ने का प्रयास किया।
बाद में दीवार तोड़ कर एटीएम बूथ में घुसे। लुटेरो ने एटीएम तो तोड़ दिया पर नकदी नहीं निकाल सके। बैंक व एटीएम में करीब छह-सात लाख रुपये का कैश था।
एसपी अश्वनी कुमार के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज मुताबिक वारदात का समय पौने 12 बजे का है। उन्होंने दावा किया कि वारदात शीघ्र हल कर ली जाएगी।