झगड़े के एक केस में विपक्षी पर पुलिस का दबाव बनाने के लिए युवक ने एसएसपी राकेश कौशल को ही एक लाख रूपये रिश्वत की पेशकश कर दी।
एसएसपी की सूचना पर थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। एसएसपी ने युवक पर कार्रवाई के निर्देश दिए है। पकड़े गये युवक की पहचान रोहित निवासी पठानकोट के रूप में हुई है। रोहित को एक प्रापर्टी डीलर बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रोहित का कठुआ के किसी ट्रांसपोर्टर के साथ झगड़ा चल रहा था। दबाव बनाने के लिए रोहित ने एसएसपी से ट्रांसपोर्टर के खिलाफ समन निकालने की मांग करने के लिए अपने कुछ साथियों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा था।
साथियों के साथ रोहित ने पहले झगड़े के केस से एसएसपी को अवगत करवाया और उसके बाद अपने साथियों को ऑफिस से बाहर भेजकर रोहित ने अपने जेब से 1 लाख रुपये निकालकर एसएसपी को रिश्वत की पेशकश कर दी। इस पर एसएसपी भड़क गए। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को युवक पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने रोहित को हिरासत में ले लिया।
थाना डिवीजन नंबर 2 के प्रभारी सुखजिंद्र सिंह ने बताया एसएसपी राकेश कौशल को रिश्वत देने का प्रयास करने के मामले में रोहित को काबू किया गया है। फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। एसएसपी राकेश कौशल ने कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और रिश्वत का लेनदेन करने वाले हर व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।