विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने के आरोप में एक ट्रैवल एजेंसी के मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ सेखवंा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दिए बयान में जसंवत सिंह वासी ठीकरीवाल सरां ने बताया कि करीब दो साल पहले ट्रेवल एजेंट मोहम्मद सिराज, भूपिंदर सिंह वासी बेगमपुर दिल्ली और उनके बीच बेटे गुरदयाल सिंह समेत एक रिश्तेदार सरवन सिंह को विदेश भेजने का सौदा चार लाख 25 हजार रुपये में तय हुआ था।
दोनो पक्षों के बीच हुए सौदे में उक्त दोनों आरोपियों ने उनसे 25 हजार रुपये नकद ले लिए थे। बाकी की राशि उक्त आरोपियों ने विभिन्न पतों पर जमा करवा ली थी। सारी राशि ले लेने के बाद भी लंबे समय तक उक्त लोगों ने उनके बेटे और रिश्तेदार को विदेश नहीं भेजा।
इसके बारे में जब उक्त आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने उन्हें 45 हजार और 50 हजार के चेक दिए जो बाउंस हो गए। पीड़ित जसवंत सिंह ने आरोप लगाया कि वह जब भी पैसों की मांग करते हैं आरोपी उनसे गाली गलौच कर धमकाते हैं।
जसवंत सिंह ने तीन अक्तूबर 2013 को बटाला पुलिस को शिकायत दी थी। मामले की जांच पड़ताल इंचार्ज एंटी फ्रॉड स्टाफ बटाला इंस्पेक्टर सविंदर सिंह ने की तो आरोप सही पाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।