विजिलेंस टीम की हिरासत में आरोपी एएसआई।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने थाना-ए डिवीजन अमृतसर में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान एएसआई तलविंदर सिंह के तौर पर हुई है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त पुलिस मुलाजिम को अमृतसर के रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया कि वह एक होटल की देखरेख करता है और पुलिस ने होटल के खिलाफ मामला दर्ज करके मोबाइल फोन और डीवीआर जब्त कर लिए थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि जब वह फोन और डीवीआर वापस लेने के लिए उक्त एएसआई से मिला तो उसने इसके बदले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की, लेकिन बाद में 30 हजार रुपये में डील फाइनल हुई। आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 16 हजार रुपये नकद ले लिए और शेष 14,000 रुपये किस्तों में लेने के लिए सहमत हो गया।
विजिलेंस ने शिकायत की जांच के बाद अमृतसर रेंज की विजिलेंस ब्यूरो की एक टीम ने जाल बिछाया और एएसआई तलविंदर सिंह को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से रिश्वत की दूसरी किस्त के रूप में 5 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत विजीलेंस ब्यूरो थाना अमृतसर रेंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की आगे की जांच जारी है।