अमृतसर पुलिस थाना झंडेर के तहत आते गांव गुरु का बाग में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह उसे घर आने से रोकती थी। मृतक महिला गुरमीत कौर दो बेटों की मां थी। गुरमीत कौर के संबंध गांव बल बावा के ही जसबीर सिंह से थे।
बार-बार घर आने से रोकने पर जसबीर सिंह ने गुरमीत कौर के गले में रस्सी डालकर उसकी हत्या कर दी। इससे पहले जब जसबीर गुरमीत कौर से कमरे में झगड़ रहा था तो उसका एक बेटा घर के बरामदे में बैठा था। पुलिस ने महिला के पति मंजीत सिंह की शिकायत पर जसबीर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गुरमीत कौर के पति मंजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह मजदूरी करता है। उसकी गैरहाजिरी में उसकी पत्नी गुरमीत के संबंध जसबीर सिंह से बन गए थे। रविवार को शाम जब वह मजदूरी कर घर पहुंचा तो देखा कि बेटा घर के बाहर बैठा है। कमरे से लड़ने-झगड़ने की आवाजें आ रही हैं।
उसने खिड़की से भीतर झांका तो देखा कि जसबीर सिंह उसकी पत्नी के गले में रस्सी डालकर उसकी हत्या का प्रयास कर रहा है। उसने शोर मचाया तो जसबीर सिंह फरार हो गया। जब वह कमरे में पहुंचा तो गुरमीत कौर दम तोड़ चुकी थी। पुलिस ने गुरमीत कौर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अमृतसर भेज दिया है। झंडेर थाना के इंचार्ज दलबीर सिंह जसबीर की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटे हैं।