युवक के मौत मामले में परिजनों ने एसएसपी को सौंपी शिकायत
बेटे की हत्या किए जाने की जताई आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
बीती 26 अप्रैल को सुजानपुर रोड पर जख्मी मिले युवक के परिजनों ने एसएसपी विवेकशील सोनी को शिकायत सौंपी है। उन्होंने उनके बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
उन्होंने एसएसपी से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सुजानपुर के मोहल्ला जलाकडिया निवासी पवन कुमार और कमला ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे सड़क पर फेंका गया था, वहीं पुलिस इस मामले को सड़क दुर्घटना करार दे रही है। शिकायत में पीड़ित परिवार ने कहा कि बीती 26 अप्रैल को उनके बेटे सुमित कुमार का जन्मदिन था। बाद दोपहर कुछ युवक उनके घर आए और सुमित को कहीं बाहर ले गए। रात करीब 11 बजे उन्हें फोन आया कि उनके बेटे का सुजानपुर के पास सड़क हादसा हो गया है और उसे अस्पताल दाखिल करवाया गया है।
इसके बाद वह परिवार समेत अस्पताल पहुंच गए। वहीं बेटे के पेट में तेजधार वस्तु लगने से उसे करीब 35 टांके लगे थे। रात को उनका बेटा उनसे बात करना चाहता था, लेकिन अगले ही दिन उसकी मौत हो गई। परिवारवालों ने उनके बेटे को घर से लेकर गए युवकों पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि यदि उनके बेटे को सड़क हादसे में चोट लगी तो अन्य युवक इस हादसे में घायल क्यों नहीं हुए। जिस मोटरसाइकिल पर उनका बेटा और दो अन्य युवक सवार थे, उन्हें भी कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने एसएसपी विवेकशील सोनी को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष तफ्तीश करवाने की अपील की है। एसएसपी विवेकशील सोनी ने परिजनों को विश्वास दिलवाया है कि मामले की पूरी तरह से निष्पक्ष जांच करवाई जाए। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फोटो 06, जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार जन