जालंधर, लुधियाना में बेचना था नशा, काबू
एसटीएफ ने 52 किलो भुक्की समेत जेएंडके के चार युवकों को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
नशों पर नकेल कसने के लिए बनाई गई जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने कार सवार चार युवकों को 52 किलो चूरा पोस्त समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आरोपियों की पहचान शौकत, जहाँगीर, फारुख अहमद, अब्दुल गनी निवासी जिला बड़गाम (जेएंडके) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी कार में ले जाये जा रहे चूरा पोस्त को जालंधर और लुधियाना में सप्लाई करने वाले थे। एसटीएफ के इंचार्ज भारत भूषण ने बताया कि एसएसपी विवेकशील सोनी के निर्देश अनुसारचक्की पुल पर नाका लगाया गया था। इसी दौरान टीम को सूचना मिली की कुछ युवक नशे की खेप सप्लाई करने के लिए जा रहे हैं। इस पर एसटीएफ की टीम ने वाहनों की गहनता से जांच करनी शुरू कर दी गई। इसी दौरान उक्त चारों आरोपियों को नाके पर रोका गया। उनकी कार की तलाशी ली गई तो 52 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ है। इस पर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद चारों आरोपियों के खिलाफ मामला थाना डिवीजन नंबर 2 में दर्ज करते हुए अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे की खेप लुधियाना और जालंधर में सप्लाई करने के लिए जा रहे थे। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड मांगा जाएगा।