शराब की होम डिलीवरी करने का आरोपी काबू
आरोपी अरुणाचल प्रदेश की शराब 200 रुपये प्रति बोतल बेचता था
आरोपी से शराब की 12 बोतलें बरामद, पुलिस ने बाइक कब्जे में ली
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। बटाला पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो गली मोहल्लों में शराब की होम डिलीवरी करता था। आरोपी अरुणाचल प्रदेश की शराब बेचता था और बाकायदा तौर पर उसको उसके पक्के ग्राहकों के बारे में पता रहता था। पुलिस ने आरोपी को अवध शराब समेत मोटरसाइकिल भी अपने कब्जे में ली है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना सिविल लाइन के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कादियां चुगीं से एक मोटरसाइकिल सवार युवक को काबू किया। आरोपी बैग में शराब की बोतलें भरकर उसकी होम डिलीवरी करता था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबरी मोटरसाइकिल पर बैग में शराब की बोतलें लेकर उसकी होम डिलीवरी करता है। इस पर पुलिस ने कादियां चूुगी पर नाकाबंदी के दौरान उस युवक को पकड़ लिया। वह बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार था और एक बैग पकड़ा हुआ था। पड़ताल करने पर बैग से 12 बोतल अरुणाचल प्रदेश की शराब बरामद हुई। एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने यह माना कि वह 200 रुपऐ प्रति बोतल के हिसाब से घर-घर इस शराब को बेचता था और यह काम वह पिछले 6 महीनों से कर रहा है। आरोपी की पहचान राजू मसीह निवासी शाहबाद के तौर पर हुई है। इसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।