पुलिस कस्टडी से भागा स्नैचर काबू
भागकर अमृतसर चला गया था आरोपी, वापस आते ही दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
हिरासत से भाग निकले स्नैचर को पुलिस ने फिर से पकड़ लिया है। स्नैचर को कुछ दिन पहले भी दो साथियों समेत पुलिस ने पकड़ा था। आरोपी हिरासत के दौरान पुलिस मुलाजिमों को चकमा देकर फरार हो गया था। उसके बाद पुलिस ने आरोपी हर्ष उर्फ लक्की उर्फ चाबी मोहल्ला गांधी को दोबारा पकड़ लिया है।
बीते करीब दो हफ्ते में शहर में 10 लूट की घटनाएं घटी। इसके बाद से पुलिस ने तीन स्नैचर गिरफ्तार किए थे। इनमें हर्ष उर्फ लक्की उर्फ चाबी भी शामिल था। लेकिन अगले ही दिन हर्ष उर्फ लक्की उर्फ चाबी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उक्त जानकारी डीएसपी सिटी ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। प्रेसवार्ता में डीएसपी सिटी सीतल सिंह ने बताया कि हर्ष उर्फ लक्की उर्फ चाबी फरार होने के बाद अमृतसर में अपने रिश्तेदार के यहां चला गया था। इसके बाद उसके पैसे खत्म होने पर वह दोबारा पठानकोट आया। गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को सब्जी मंडी पठानकोट से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त आरोपी के दो साथी पहले से ही पकड़े जा चुके हैं। लूट गिरोह का सरगना हर्ष उर्फ लक्की उर्फ चाबी बीते शुक्रवार को अपने दो साथियों साजन निवासी मोहल्ला जगतू और अभिषेक निवासी मोहल्ला गांधी के साथ पकड़ा गया था। तीनों को पुलिस शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद वापस थाने में ला रही थी। इस दौरान हर्ष पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस हर्ष को पकड़ने के लिए धरपकड़ कर रही थी।