डेढ़ लाख की अफीम के साथ महिला सहित तीन गिरफ्तार
सीआईए स्टाफ ने सुंदरचक्क-मलिकपुर रोड से पकड़ा, सभी आरोपी बरेली के
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। सीआईए स्टाफ ने बरेली निवासी महिला सहित तीन लोगों को डेढ़ लाख कीमत की अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। थाना सीआईए इंचार्ज बलविंदर कुमार ने बताया कि टीम ने सुंदरचक्क-मलिकपुर रोड पर नाका लगाया था। मलिकपुर साइड से एक बाइक पर तीन लोग आ रहे थे। जब उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पीछा कर जब उन्हें पकड़ा गया तो तलाशी लेने पर उनके पास से एक किलोग्राम अफीम बरामद की गई। बलविंदर ने बताया कि आरोपियों की पहचान अनिरुद्दपुर, बरेली निवासी दविंदर कुमार मिश्रा, गांव रामपुरकलां बरेली निवासी दविंदर कुमार मौर्य और गांव कुमारपुर बरेली निवासी मंजू के रूप में हुई है। बलविंदर ने बताया कि आरोपी यूपी से अफीम खरीदकर लाए थे और पंजाब में इसे क्रशरों और ट्रक ड्राइवरों को बेचा जाना था।
उन्होंने बताया कि दविन्द्र मिश्रा मूलरूप से बरेली का है लेकिन यहां तारागढ़ के गांव जसमां में किराए के मकान में रहता है। रविवार को अफीम की खेप लेकर पठानकोट पहुंचे दविन्द्र मौर्य और मंजू को अपने किराए के मकान में ले जा रहा था लेकिन रास्ते में पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वह तीनों यूपी में एक दूसरे के पड़ोसी गांवों के रहने वाले हैं और वहीं से अफीम यहां बेचने आए थे। बलविंदर ने बताया कि तीनों आरोपियों पर मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 18/29-61-85 के तहत थाना सुजानपुर में मामला दर्ज किया गया है। सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।
फोटो:-2-अफीम के साथ पकड़े गए आरोपियों के साथ सीआईए स्टाफ के अधिकारी और कर्मचारी।