पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की आरोपियों की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। पुलिस तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई वारदातों में तीन लोगों से कैश और सोने के जेवर लूट लिए। पहली वारदात में लुटेरों ने बैंक से पैसे निकलवाकर बाइक पर घर जा रहे व्यक्ति की जेब खींचकर उखाड़ ली। जेब में 1 लाख 80 हजार रुपये थे।
थाना सिविल लाइन की चौकी अर्बन इस्टेट के इंचार्ज एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि सुखमनी कालोनी के रहने वाले निर्मल सिंह पुत्र रतन सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उसने बुधवार दोपहर बाद ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स की सुनईया ब्रांच से 1 लाख 70 हजार रुपये निकलवाए थे। 10 हजार रुपये पहले से ही उनके पास थे। वह बाइक पर घर जा रहे थे। रात करीब 8.30 बजे जब वह जालंधर रोड पर गुरु नानक कालेज के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर आए दो युवक उनके कुर्ते की जेब उखाड़ कर ले गए। एसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात दो लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरी ओर थाना सदर के एएसआई पंजाब सिंह ने बताया कि गांव सरूपवाली के रहने वाले बलजीत सिंह पुत्र दविंदर सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि बुधवार को वह गांव घसीटपुरा के अड्डे पर एक दुकान से सामान खरीदने गए थे। जब उसने दुकानदार को पैसे देने के लिए अपनी जेब से पर्स निकाला तो उसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो युवक उनके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 1 हजार रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस था। थाना श्री हरगोबिंदपुर के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि गांव ढपई के रहने वाले सकत्तर सिंह पुत्र रंधीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार को अपनी कार से कहीं जा रहा थे। रास्ते में मोटरसाइकलों पर आए करीब 1 दर्जन लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनकी कार में तोड़फोड़ की। कार के डैशबोर्ड में रखे हैंड बैग जिसमें 1 लाख रुपये थे निकाल लिए। इसके अलावा उन्होंने 3 तोले का लॉकेट और कान की बाली निकाल ली। मारपीट से घायल होने के कारण उसे सिविल अस्पताल भाम में दाखिल करवाया गया है। एएसआई ने बताया कि 2 लोगों कुलवंत सिंह व उसके भाई गुरप्रीत सिंह वासी ढपई की पहचान हो जाने के अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।