बीएसएफ की गोली लगने से घायल महिला पर केस
अमृतसर में चल रहा पाकिस्तानी महिला का इलाज, पूछताछ करेगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। पाकिस्तान की तरफ से बुधवार को घुसपैठ करते वक्त बीएसएफ की गोली लगने से घायल हुई महिला गुलशन के खिलाफ डेरा बाबा नानक पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डेरा बाबा नानक के एएसआई जतिंदर सिंह ने बताया कि बीएसएफ की गोली लगने से घायल महिला गुलशन का इलाज अभी अमृतसर में चल रहा है। अभी महिला इस हालत में नहीं है कि उससे पूछताछ की जा सके लेकिन जैसे ही डॉक्टरों की ओर से महिला का मेडिकल फिट होने का दावा किया जाएगा तो डेरा बाबा नानक पुलिस उक्त महिला को अपनी कस्टडी में लेकर उससे पूछताछ शुरू करेगी। एएसआई ने आगे बताया कि हो सकता है कि पंजाब पुलिस के अलावा अन्य इंवेस्टीगेशन टीमें भी उक्त महिला से पूछताछ करें।
एएसआई ने बताया कि गुलशन नामी महिला के खिलाफ बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट गुरप्रीत सिंह के बयान पर यह मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि महिला से आगे होने वाली पूछताछ में उक्त पाकिस्तानी महिला क्या बताती हैं और क्या खुलासे करती हैं यह सब पुलिस की जांच पड़ताल में ही साफ होगा।