बटाला में पति और सास की मार पिटाई से तंग आकर एक विवाहिता ने जहरीली चीज निगल ली। जिसे गंभीर हालत में अमृतसर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस जिला बटाला के आधीन आते पुलिस थाना घन्नियां के बांगर में मृतका के पिता के बयानों पर पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में विवाहिता के पिता रघुबीर सिंह वासी गांव सीड़ा ने बताया कि उसने करीब 14 साल पहले गांव गुजरपुरा के रहने वाले रंजोध सिंह से बेटी कुलविंदर कौर (34) की शादी की थी। शादी होने से कुछ साल बाद ही उसका पति रंजोध सिंह जो किसान है और उसकी सौतेली मां रामवंती उसकी बेटी कुलविंदर कौर से मारपीट करने लगे।
कई बार उन्होंने कुलविंदर कौर के पति और सास को समझाया कि वह उनकी बेटी की मार पिटाई न करे और उनकी मारपीट से उनकी बेटी अक्सर मानसिक तौर पर परेशान रहती है। लेकिन लड़की के पति और सास द्वारा पिटाई का सिलसिला जारी रहा। मंगलवार देर रात कुलविंदर कौर ने कोई जहरीली चीज निगल ली, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
इसके चलते कुलविंदर कौर को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना घन्नियां के बांगर के एसएचओ मुखतार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता रघुबीर सिंह के बयानों पर आरोपी पति रंजोध सिंह और उसकी मां रामवंती के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।