नए साल की आतिशबाजी के बीच पूर्व सरपंच के घर पर फायरिंग
लोहे के गेट पर गोलियों के निशान और कार का शीशा टूटा देख पुलिस को दी सूचना
चलाई गई थीं आठ गोलियां, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। गांव शाहबाद में पूर्व कांग्रेस सरपंच के घर के बाहर मंगलवार देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने घर के लोहे के गेट पर करीब आठ गोलियां दाग दीं। घटनास्थल पर एक रौंद भी मिला है। घरवालों को रात को गोली चलने का पता सुबह चला जब उन्होंने गेट पर गोलियों के निशान देखे। वहीं एक गोली अंदर खड़ी कार पर लगी जिससे शीशा टूट गया है। गेट पर लगी गोलियों के निशानों को देखकर घरवालों ने तुरंत थाना रंगड़- नंगल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही डीएसपी वरिंदरप्रीत सिंह भी मौके पर पहुंचे।
थाना रंगड़-नंगल के एसएचओ हरजीत सिंह ने बताया कि गांव शाहबाद के रहने वाले गुरनाम सिंह जो पूर्व कांग्रेसी सरपंच हैं ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात लोग नया साल मना रहे थे। नए साल की खुशी में आतिशबाजी की जा रही थी। इस शोर में उन्हें पता नहीं चला कि गोलियां कब और किसने चलाई। गुरनाम सिंह का कहना है कि उन्हें लगा कि लोग नए साल को लेकर पटाखे जला रहे हैं। जब मंगलवार सुबह उठकर देखा कि उनके लोहे के गेट में करीब आठ फायर लगे थे। गोली लगने से अंदर खड़ी उनकी कार का शीशा भी टूटा हुआ था। घर के गेट पर फायरिंग होने की सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसएचओ ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी की फुटेज को भी चेक किया जाएगा ताकि आरोपियों के बारे में कुछ पता चल सके। एसएचओ ने बताया कि पुलिस थाना रंगड़-नंगल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फोटो- 01जीडीआरबीटीएलपी03ऐ
कैप्शन- बटाला के गांव शाहबाद में गेट में लगी गालियों के निशान।
फोटो- 01जीडीआरबीटीएलपी03 बी
कैप्शन- गोली लगने से कार का टूटा हुआ शीशा और जांच कर रहे पुलिस अधिकारी।