वर्दी में आए लुटेरे ने टेंपो चालक से छीनी नकदी, मोबाइल
डाबा इलाके में रविवार देर रात दिया वारदात को अंजाम
आरोपी का पता लगाने में जुटी थाना डाबा की पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। पुलिस की वर्दी में लोगों से लूटपाट का मामला महानगर में कोई नई बात नहीं है। दो दिन पहले डाबा लोहारा इलाके में एक वर्दीधारी ने टेंपो सवार युवक को निशाना बनाया। आरोपी ने उसे सीआईए स्टाफ ले जाने का डर दिखाकर कैश और मोबाइल लूट लिया। लूट का शिकार हुआ युवक इस डर से पुलिस के पास नहीं गया कि वहां भी उसकी सुनवाई नहीं होगी।
डाबा के गुरु गोबिंद सिंह नगर के रहने वाले मनिंदर कुमार उर्फ मनी ने बताया कि वह टेंपो चलाता है। रविवार को वह डाबा इलाके से एक युवक से कुछ सामान लेने गया था। जैसे ही वह वापस जाने लगा तो वहां दो युवक आ गए। इसमें एक ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी। दूसरा उसका साथी था। पुलिस वर्दी में आए युवक ने उसे धमकाना शुरू कर दिया कि वह नशा बेचता है। जिसके पास से उसने नशा लिया था वह युवक भी पास ही में था। उसे पकड़ने की बजाय पुलिस वर्दी में आए युवक ने उसे धमकाना शुरू कर दिया था।
मनिंदर कुमार का कहना है कि उक्त वर्दीधारी युवक उसे सीआईए ले जाने की बात करने लगा। उसने जबरन उसकी तलाशी लेनी शुरू कर दी और उसकी जेब से 14 हजार रुपये एवं मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपी उसे धमकाने लगा कि अगर उसने पुलिस को शिकायत दी तो उसके लिए अच्छा नहीं होगा। मनिंदर का कहना है कि उसने टेंपो की किस्त देनी थी जो आरोपी छीनकर ले गए।