बाइबल की बेअदबी, एक नामजद, चार पर केस
पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति तथा चार अन्य के विरुद्ध केस दर्ज किया।
स्थिति नियंत्रित करने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
धारीवाल के गांव कलेरकलां की एक कालोनी में शरारती तत्वों की ओर से पवित्र बाइबल तथा अन्य सामान को अग्नि भेंट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में एक को नामजद कर चार के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की ओर से पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर काबू कर लिया। चर्च के पास्टर विजय मसीह निवासी कालोनी कलेर कलां ने बताया कि गांव में नई चर्च बनाई जा रही थी। जिसके चलते पंचायत की ओर से दिए गए घर में वह रह रहा था। गत दिवस वह अपने परिवार को मिलने के लिए के गांव भांभड़ी गया था। इतने में उसे किसी ने सूचना दी कि मकान को किसी ने आग लगा दी। जब वह घर आया तो मकान का ताला टूटा पाया। मकान में तीन धार्मिक ग्रंथ पवित्र बाइबल, मसीह भाईचारे से संबंधित अन्य धार्मिक किताबें और दूसरे कमरे मेें ट्रंक मेें रखे कपड़े, लैपटॉप, नकदी जल चुके थे।
विजय मसीह ने बताया कि उसके रिश्तेदार थूडू मसीह ने बताया कि रात करीब 12 बजे जब उसने विजय के घर से धुआं निकलते देखा तो वह वहां गया। उसने देखा कि कालोनी के ही रहने वाले तरसेम सिंह उर्फ बाबा तथा उसके साथ कुछ अन्य वहां से भाग रहे थे। जब उसने पीछा किया तो वह घर के अंदर चले गए और ईंट, पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जिसके बाद उसने इसकी सूचना गांव के गणमान्य लोगों को दी। घटना की सूचना मिलने के बाद सुबह पंजाब चर्च प्रोटेक्शन कमेटी के प्रधान राकेश विलियम, लाभा मसीह, समसुन सैना के प्रधान पीटर, यूनस भट्टी, पार्षद अमित सहोता, एडवोकेट कमल खोखर, प्रेम मसीह व अन्य लोगों ने पहुंचकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस संबंध में सूचना मिलते ही डीएसपी सुच्चा सिंह बल, नायब तहसीलदार धारीवाल निर्मल सिंह, थाना प्रभारी परमजीत सिंह भारी पुलिस फोर्स समेत पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इस मौके पर डीएसपी सुच्चा सिंह बल ने बताया कि पीड़ित पास्टर विजय कुमार के बयान के आधार पर तरसेम और उसके चार अन्य साथियों के खिलाफ आईपीसी धारा 295ए, 436, 452, 34 के तहत केस दर्ज कर पुलिस पार्टियों का गठन कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
फोटो 15जीडीआर1- जानकारी देते हुए विजय मसीह तथा अन्य नेता
फोटो 15जीडीआर2- जला हुआ सामान तथा पवित्र बाइबल।
15जीडीआर3- पुलिस बल गांव में स्थिति को काबू में करते हुए।