विदेश भेजने के नाम पर 6 लाख की ठगी
गुरदासपुर। कलानौर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 6 लाख 9 हजार रुपये की ठगने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसआई आई गुरनाम सिंह ने बताया कि गोपाल दास निवासी मोहल्ला जैलदारा कलानौर ने शिकायत दी थी कि वरिंद्र सिंह उर्फ राजा निवासी भागोवाल पुलिस स्टेशन किला लाल सिंह बटाला ने उसके गांव के अरुण कुमार, गुरदेव सिंह, पवन शर्मा व गुरपिन्द्र सिंह को दुबई से इंग्लैंड भेजने के नाम पर 6 लाख 9 हजार रुपये लिए थे । आरोपी ने उक्त लोगों न तो विदेश भेजा और न ही पैसे वापस किए। डीएसपी की जांच की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी वरिंद्र सिंह उर्फ राजा के विरुद्ध मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
चोरी के मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार
गुरदासपुर। सीआईए स्टाफ ने चोरी की मोटर साइकिल सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध कलानौर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। सीआईए स्टाफ में तैनात प्रदीप कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गांव जोगोवाल समीप व्यक्ति चोरी का मोटर साइकिल बेचने के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर गांव जोगोवाल समीप नाकाबंदी करके आरोपी गगनदीप सिंह निवासी मोहल्ला नवां कटड़ा कलानौर को रोका गया। वह बाइक के दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह मोटर साइकिल उसने 20 दिन पूर्व दरबार साहिब अमृतसर से चोरी किया था।