अध्यापक पर हमला कर लूटे रुपये और मोबाइल
गुरदासपुर। शनिवार को अपनी ड्यूटी पर जाते समय एक अध्यापक पर दो बदमाशों ने तेजधार हथियारों के साथ हमला कर 30 हजार रुपये और 2 मोबाइल छीन ले गए। गंभीर हालत में टीचर को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव झड़ोली के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल का अध्यापक जसबीर कुमार पुत्र रतन चंद निवासी तारागढ़ अपनी बाइक पर स्कूल जा रहा थे। इतने में रास्ते में उन्हें दो नकाबपोश बदमाशों ने घेरकर तेजधार हथियारों से घायल कर दिया। अस्पताल में दाखिल जसबीर कुमार ने बताया कि वह शनिवार को सुबह 7.45 पर ड्यूटी जा रहा था कि दो युवक हमला कर जेब से 30 हजार रुपये और दो मोबाइल छीनकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि यह हमला उनके स्कूल में पढ़ने वाले कुछ विद्यार्थियों ने रंजिश में करवाया है। कुछ दिन पहले उन्होंने बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को डांटा था। इस संबंध में दीनानगर थाना की पुलिस को सूचित कर दिया गया है।