युवक की मौत, 8 पर हत्या का केस
पिता ने लगाया प्रसाद के नाम पर जहरीली वस्तु खिलाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
गांव कोहाड़ में चल रहे मेले के दौरान गुरुद्वारा में माथा टेकने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक की मौत उसे किसी के द्वारा कोई जहरीली चीज देने से हुई है। थाना सेखवां पुलिस ने इस संबंध में आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव कोहाड़ के रहने वाले जसविंदर सिंह ने बताया कि गांव में रविवार को छिंज का मेला चल रहा था। उसका बेटा जगरूप सिंह (23) मेला देखने गया था। मेले के दौरान वह गांव के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया। गुरुद्वारा में उनसे रंजिश रखने वाले गांव के ही बलराज सिंह ने लंगर लगाया था। जगरूप ने लंगर ग्रहण किया। इसी दौरान किसी ने उसे प्रसाद जैसी वस्तु दी। उसके सेवन करते ही जगरूप सिंह की हालत खराब होने लगी। उसका सारा शरीर नीला पड़ने लगा। उसे कादियां के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जसविंदर सिंह ने बताया कि उसके गांव के रहने वाले बलराज सिंह के परिवार के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। जसविंदर सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि बलराज सिंह और उसके साथियों ने साजिश के तहत उसके बेटे को कोई जहरीली चीज सेवन करने के लिए दी है, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के बुआ के लड़के चरणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस पहले तो मामला दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी, लेकिन उन्होंने जब शव एसएसपी बटाला के दफ्तर के बाहर रख कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी तब एसपी ने अस्पताल आकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मामले की जांच कर रहे पुलिस थाना सेखवां के कार्यकारी प्रभारी एएसआई बलराज सिंह ने बताया कि मृतक के पिता जसविंदर सिंह के बयान पर बलराज सिंह, जसमेल सिंह, जसविंदर सिंह, रोहनप्रीत सिंह गुरमीत सिंह, बलदेव सिंह, प्यारा सिंह और दर्शन सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।