दूध वाली गाड़ी नहर में गिरी, युवक की मौत
पुलिस ने 174 की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला/ गुरदासपुर। बटाला की एक डेयरी की दूध सप्लाई करने वाली गाड़ी तुगलवाल की नहर में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई और दूसरा सवार बच गया। पुलिस ने 174 की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है।
रविवार सुबह करीब 6 बजे यह हादसा हुआ है। बटाला की वाहला डेयरी की एक गाड़ी सुबह दूध सप्लाई करने के लिये निकली। गाड़ी मक्खन सिंह वासी गांव जहांगीर जिला तरनतारन चला रहा था। उसके साथ रमेश कुमार वासी बंठवाल, बहरामपुर बैठा था। गांव उदोवाली से निकले तो रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने से तुगलवाल नहर में गाड़ी जा गिरी। चालक मक्खन सिंह को किसी न किसी तरह बाहर निकला आया। रमेश कुमार गाड़ी में फंसा रहा। इससे नहर के पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।पुलिस चौकी तुगलवाल के इंचार्ज एएसआई मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस ने 174 की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।