सारज मिंटू की गिरफ्तारी का खुलासा नहीं कर रही पुलिस
अमृतसर सेंट्रल जेल में सर्च अभियान चलाया गया
जेल में टूटेगा गैंगस्टरों का कनेक्शन, अदला-बदली होगी गैंगस्टरों की
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर।
अमृतसर में हिंदू संघर्ष सेना के जिला प्रधान विपन शर्मा की हत्या के आरोपी गैंगस्टर सारज सिंह मिंटू को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन खुलासा नहीं कर रही है। माना जा रहा था कि डीजीपी खुलासा करेंगे, लेकिन वह इस बारे में बिना बात किए ही चंडीगढ़ लौट गए। खुफिया एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन कुछ और गिरफ्तारियों को लेकर पुलिस खामोश है। शनिवार को अमृतसर सेंट्रल जेल में सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें हर बैरकों की तलाशी ली गई। हालांकि क्या-क्या जेल की चारदीवारी में पकड़ा गया, इसकी भनक मीडिया को पुलिस व जेल प्रशासन ने नहीं लगने दी।
उधर, अमृतसर पुलिस अब दड़ा-सट्टा के धंधे को बंद करवाने के लिए एक खास रणनीति बना रही है। जिसके तहत इस धंधे पर नकेल कसी जाएगी। बता दें कि दड़ा-सट्टा के धंधे से ही गैंगस्टर पनप रहे हैं। जिसे नेस्तनाबूद करने की जरूरत है। इस धंधे से रोज केवल अमृतसर में बीस से पच्चीस लाख की कमाई की जाती है।
जेल में गैंगस्टर के जन्मदिन के वीडियो की होगी जांच
डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने मृतक विपन शर्मा के घर में शोक जताते हुए मीडिया से कहा कि अमृतसर सेंट्रल जेल से वायरल हुई गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के जन्मदिन की वीडियो की जांच के आदेश दिए गए हैं। साइबर क्राइम की टीमों को जांच में लगा दिया गया है।
हत्यारे जल्द होंगे गिरफ्तार, एक की शिनाख्त हुई
डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने कहा कि विपन शर्मा के हत्यारे जल्द ही गिरफ्तार होंगे, एक हत्यारे की शिनाख्त हो चुकी है। हत्या के पीछे क्या वजह थी, इसकी जांच हर एंगल से पुलिस कर रही है। डीजीपी ने हत्या जहां हुई, वहां का भी जायजा लिया। इसके पहले चार घंटे तक उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बैठक की।
मीडिया से दूर रहे डीजीपी, एक न्यूज एजेंसी ने की बात
मीडिया से डीजीपी ने शुक्रवार रात से ही दूरी बनाए रखी। शनिवार को सुबह साढ़े सात बजे बिना मीडिया को जानकारी दिए मृतक विपन शर्मा के घर डीजीपी पहुंचे। वहां पर एक न्यूज एजेंसी से डीजीपी ने चंद बातें की। गैंगस्टरों की गिरफ्तारी से लेकर पंजाब में होने वाली हत्याओं पर डीजीपी ने चुप्पी साधे रखी।
गैंगस्टरों का नेटवर्क तोड़ने के लिए अब अदला-बदली स्कीम
राज्य की जेलों में गैंगस्टरों का नेटवर्क तोड़ने के लिए अब अदला-बदली स्कीम अपनाई जाएगी। जेलों में बंद गैंगस्टरों को अलग-अलग जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। अमृतसर सेंट्रल जेल के भीतर बनी गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की बर्थडे पार्टी पर वायरल हुई वीडियो के बाद जेल प्रशासन के हाथ पांव फूल गए हैं वहीं यह बात पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह तक जा पहुंची है। यही वजह है की सीएम ने खास तौर पर जेलों पर अंकुश लगाने के लिए डीजीपी जेल व डीजीपी पंजाब को खास हिदायतें दी हैं।