नशीले पदार्थों समेत दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल यूनिट ने भदरोया निवासी व्यक्ति को 16.16 ग्राम चिट्टा समेत गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य कार्रवाई में लमीनी (पंजाब) निवासी व्यक्ति को 216 नशीले कैप्सूल समेत पकड़ा।
एसपी संतोष पटियाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नारकोटिक्स टीम ने गांव भदरोया में अरुण होटल के पास नाके के दौरान एक व्यक्ति को 16.16 ग्राम चिट्टा समेत गिरफ्तार किया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान लव कुमार निवासी भदरोया के रूप में हुई है। इसके अलावा नारकोटिक्स सेल ने नशीले कैप्सूलों समेत पठानकोट के लमीनी निवासी टोनी को गिरफ्तार किया। एसपी पटियाल ने बताया कि आरोपी नशे का काम करता है और कई बार पुलिस को चकमा देता रहता था। बताया कि नारकोटिक्स की टीम ने गश्त के दौरान मोहटली रैंप के पास टोनी को लिफाफे समेत देखा तो शक हुआ। रोककर तलाशी लेने पर उससे 216 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। आरोपियों पर मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।