फतेहगढ़ चूड़ियां में संगत दर्शन के दौरान सीएम प्रकाश सिंह बादल को कृपाण और सिरोपा भेंट करते हुए पूर्व स्पीकर निर्मल सिंह काहलों,रविकरण सिंह काहलों और अन्य अकाली नेता।
- फोटो : amarujala
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने बुधवार को कहा केंद्र सरकार को पंजाब से सटी पाकिस्तान की सीमा को सील कर देना चाहिए। ताकि आतंकियों की घुसपैठ रोकी जा सके। मुख्यमंत्री हलका फतेहगढ़ चूड़ियां में दूसरे दिन संगत दर्शन के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे।
मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि सूबे की पुलिस किसी भी आतंकी हमले को नाकाम करने के लिए पूरी तरह चौकस और सक्षम है। देश की एकता और अखंडता को भंग करने वालों को मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। बादल ने कहा कि उन्होंने सूबे के पुलिस प्रमुख को पूरी तरह चौकस रहने की हिदायतें दी हैं।
सीएम ने केंद्र सरकार से अपील की कि जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर पंजाब की पाकिस्तानी सरहद पर बीएसएफ जवानों की संख्या बढ़ाकर करके सीमा को पूरी तरह सील किया जाए, ताकि सरहद पार से होने वाली आतंकियों की घुसपैठ को रोका जा सके।
कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से लगाए जा रहे दरबार पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए बादल ने कहा कि जब कैप्टन मुख्यमंत्री थे, तब कोई दरबार नहीं लगाया, अब दरबार लगाने का क्या फायदा है। पत्रकारों के एक ओर सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि पंजाब सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों में भरती प्रक्रिया को शुरू कर दिया है और बहुत जल्द ही सभी विभागों में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां के पदों को भर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने पिछले 9 सालों में लाखों नौजवानों को रोजगार दिया है।कांग्रेस सरकार ने तो भर्तियों पर रोक ही लगा दी थी। गांव वीला तेजा और फतेहगढ़ चूड़ियां में संगत दर्शन के दौरान पूर्व स्पीकर निर्मल सिंह काहलों और चेयरमैन रविकरण सिंह काहलों के साथ सीएम बादल ने लोगों संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और आप सूबे के शांत माहौल को खराब करने की कोशिश में हैं।
बादल ने कहा कि दोनों पार्टियां सत्ता प्राप्त करने के लिए सूबे का अमन व शांति को दांव पर लगा रही हैं। संगत दर्शन के दौरान सीएम बादल ने फतेहगढ़ चूड़ियां शहर और क्षेत्र के गांवों के लोगों की मुश्किलों को सुना और ग्रांट बांटी।