अमृतसर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरुसर सतलानी साहिब होशियार नगर की जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। पुलिस ने हरपाल सिंह यूके समेत उसके बीस साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधन के तहत ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरुसर सतलानी साहिब होशियार नगर (अमृतसर) के स्वामित्व वाली भूमि पर कब्जा करने की कोशिश करने के इरादे से हरपाल सिंह यूके वहां पहुंचा। इस संबंध में एसजीपीसी ने हरपाल सिंह के खिलाफ पुलिस के पास मामला दर्ज करवा दिया। थाना बी डिवीजन पुलिस ने हरपाल सिंह यूके समेत उसके बीस साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एफआईआर गुरुद्वारा सतलानी साहिब के मैनेजर की शिकायत पर दर्ज की गई है। एसजीपीसी के उप सचिव प्रताप सिंह ने बताया कि 2 अक्तूबर को रात में हरपाल सिंह यूके अपने साथियों के साथ गुरुद्वारा सतलानी साहिब की सुल्तानविंड स्थित अंतरयामी कालोनी में गुरुद्वारा साहिब की भूमि पर दीवार तोड़ कर कब्जा करने के लिए गया। इस दौरान वह अपने 20-25 साथियों को साथ लेकर गया और वहां से लाखों रुपये का सामान भी ले गया। इसकी जानकारी गुरुद्वारा सतलानी साहिब के मैनेजर ने थाना बी डिवीजन के एसएचओ को फोन पर दी। इसके बाद लिखित शिकायत भी की गई। बी संभाग के थानाध्यक्ष व उनकी टीम मौके पहुंची तो आरोपी हरपाल सिंह यूके और उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।