संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पंजाब रोडवेज की बस चालक के साथ मारपीट करने के आरोप में थाना रामबाग पुलिस ने दस लोगों को नामजद किया है। आरोपी के नाम गुरकीरत सिंह उर्फ लाल निवासी बल कला, प्रताप सिंह निवासी छज्जलवड्ढी, जग्गी सिंह निवासी डडुआना और इनके सात अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पंजाब रोडवेज पट्टी डिपो के बस चालक सुखजीत सिंह ने बताया कि रविवार की शाम को वह बस लेकर अमृतसर पहुंचा था और शाम को बस को काउंटर नंबर 14 पर लगा रहा था। इस दौरान वहां पर मौजूद आरोपियों ने उसे गालियां देनी शुरू कर दी है। इस दौरान उसकी पत्नी चरणजीत कौर भी साथ थी। आरोपियों ने बस के दरवाजे तोड़ने शुरू कर दिए। उसने आरोपियों को समझाने की भी कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसकी बात नहीं सुनी और बस का दरवाजा खोलकर हाथापाई शुरू कर दी। उनकी पगड़ी उतार दी गई। जब पत्नी चरणजीत कौर ने बीच बचाव करना चाहा तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।