अमृतसर। तरनतारन रोड स्थित ईश्वर नगर में कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए शनिवार देर शाम लवदीप सिंह (15) के घर के बाहर गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। गोलियां चलाने का आरोपी वंदन खन्ना है। वंदन ने कुछ दिन पहले भी अपने साथियों के साथ मिल कर लवदीप के घर में तोड़फोड़ की थी। लवदीप सिंह की दादी राज कौर के बयान पर थाना सुल्तानविंड की पुलिस ने वंदन और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
एएसआई अमरजीत सिंह के मुताबिक राज कौर ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि घर से कुछ दूर रहने वाला वंदन उनके पोते लवदीप सिंह के साथ रंजिश रखता है। कुछ समय पहले भी खेलते समय आरोपी की उनके पोते लवदीप के साथ बहस हो गई थी। आरोपियों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की थी। उन्होंने वंदन के परिवार से शिकायत की थी कि वह अपने बेटे को समझा कर रखें।
शनिवार की देर शाम लवदीप किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इस दौरान वंदन अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और लवदीप के बारे में पूछने लगा। उन्होंने लवदीप के घर में नहीं होने की बात कही और उसे को वहां से चले जाने के लिए कहा। इस पर वंदन उसे जान से मारने की धमकियां देने लगे। उन्होंने पुलिस को शिकायत करने की चेतावनी दी तो आरोपी गोलियां चलाते हुए साथियों के साथ फरार हो गए। आरोपी ने उनके घर के बाहर तीन राउंड फायर किए।