डेरा बाबा नानक में भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ 10 बटालियन के जवानों ने पाकिस्तानी नशा तस्करों की बड़ी मात्रा में हेरोइन पकड़ी है। बीएसएफ की चौकी नांगली के पास जवानों ने 60 पैकेट हेरोइन बरामद की है। जिसमें 64 किलो हेरोइन थी। इसे पाकिस्तानी तस्कर भारत भेजने की फिराक में थे।
कपड़े में बंधे हेरोइन के पैकेट रावी नदी के जरिए भेजे जा रहे थे। जल मार्ग में संदिग्ध वस्तु दिखने पर जब तलाशी ली गई तो हेरोइन निकली। बीएसएफ के डीआईजी राजेश शर्मा का कहना है कि इससे पहले भी कई बार जवानों ने पाकिस्तानी तस्करों की हेरोइन की खेप बरामद की है। रविवार को प्रेसवार्ता में डीआईजी ने बताया के शनिवार देर रात 2.45 बजे के करीब रावी नदी के नजदीकी बीएसएफ की नंगली चेक पोस्ट पर तैनात जवानों को दरिया में भारत की तरफ कुछ संदिग्ध हलचल महसूस हुई।