अमृतसर में वरिष्ठ अकाली नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया की गुमशुदगी के पोस्टर लगे हैं। थाना मजीठा से एक अकाली कार्यकर्ता को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने मजीठिया समेत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इसके बाद मजीठिया के खिलाफ पंजाब पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कराया है। इसके बाद मजीठिया संबंधित एजेंसियों की अनुमति के बिना विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार एलओसी जारी होने के बाद देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और इमिग्रेशन चेक पोस्टों पर मजीठिया को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। यदि वह विदेश जाने का प्रयास करते हैं तो संबंधित एजेंसियों को तत्काल सूचना दी जाएगी और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का आरोप है कि इस दौरान सरकारी दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ की गई और थाना प्रभारी का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया गया। मामले में एफआईआर नंबर 91 दर्ज कर मजीठिया समेत 50 से अधिक लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से पांच-छह आरोपियों की पहचान हो चुकी है। जांच के लिए एसपी की निगरानी में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।