मजीठा थाने पहुंचे अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया
- फोटो : वीडियो ग्रैब
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मजीठा थाने में पेशी के दौरान शनिवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब पुलिस ने वकीलों को थाने के भीतर जाने से रोक दिया। इस दौरान वकीलों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई।
वकीलों ने पुलिस की कार्रवाई पर जताई आपत्ति
जानकारी के अनुसार, मजीठिया से जुड़े मामले में पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के दौरान उनके पक्ष के वकील थाने में प्रवेश करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
इससे नाराज वकीलों ने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई और कहा कि किसी भी आरोपी को कानूनी सहायता प्राप्त करना उसका अधिकार है। बहस के दौरान कुछ समय के लिए थाने के बाहर माहौल गरमा गया। मौके पर मौजूद अकाली दल के समर्थकों ने भी पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए। हालांकि बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।