गांव किला लाल में लुटेरे गैस कटर से पंजाब एंड सिंध बैंक का एटीएम काटकर चार लाख 80 हजार रुपये लूट ले गए। सीसीटीवी कैमरों पर लुटेरों ने स्प्रे कर दिया था जिससे उनकी तस्वीरें कैद नहीं हो पाईं।
सूचना मिलते ही एसएसपी बटाला समेत अन्य कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बैंक मैनेजर सुरिंदरपाल के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
वीरवार सुबह जब बैंक कर्मी पहुंचे तो एटीएम के केबिन के शटर के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो एटीएम टूटा हुआ था और कैश गायब था। बैंक के मैनेजर सुरिंदरपाल ने तुरंत इस संबंध में पुलिस थाना किला लाल को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पता चला कि लुटेरों ने कैमरों पर स्प्रे किया हुआ था। बैंक अधिकारियों ने एटीएम से 4 लाख 80 हजार रुपये की लूट होने की पुष्टि की है। डीएसपी किरपाल सिंह ने बताया कि बैंक मैनेजर के बयान पर पुलिस थाना किला लाल सिंह में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सुरक्षा कर्मी नहीं था तैनात
शहर में कई ऐसे एटीएम हैं जहां सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं हैं। किला लाल सिंह के पास जिस बैंक का एटीएम तोड़ा गया है वहां पर भी कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं था। जिस स्थान पर एटीएम है वहां सन्नाटा पसरा रहता है जिससे आसानी से लूट की जा सकती है।