अमृतसर में सर्विस असॉल्ट राइफल की सफाई करते समय अचानक गोली चलने से एएसआई जोगिंदर सिंह की मौत हो गई। वह व्यापारी साहिल महाजन की सुरक्षा में गनमैन के रूप में तैनात थे। घटना के बाद पुलिस विभाग और परिवार में शोक की लहर है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर जाने से पहले एएसआई जोगिंदर सिंह घर के पास स्थित पार्क में परिवार के सदस्यों के साथ बैठे थे। इसी दौरान वह अपनी सर्विस राइफल साफ करने लगे। बताया जा रहा है कि राइफल के चैंबर में गोली होने का ध्यान नहीं रहने के कारण अचानक फायर हो गया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एसीपी साउथ प्रीत इंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस परिवार के बयान के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई कर रही है।