गांव चीमां कलां में पशुओं को पोस्टमार्टम के लिए लेकर जाते डाक्टरी टीम।
- फोटो : amarujala
गांव चीमां कलां में एक गोशाला में मंगलवार सुबह शरारती तत्वों ने चारे में जहरीला पदार्थ मिला दिया। इससे एक भैंस, छह गायों और एक बछड़े की कुछ समय बाद ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम करके जांच शुरू कर दी है।
शेखब्रह्म पीर गोशाला गांव चीमां कलां के मुख्य सेवादार बाबा दिलबाग सिंह ने बताया कि वह सुबह आठ बजे गायों का चारा डालने लिए पहुंचा। जब उसने पास जाकर देखा तो एक भैंस, छह गायें और एक बछड़ा बेहोश पड़ा था। उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
उसने मौके पर बाकी सेवादारों को बुलाया लेकिन उतनी देर में सभी पशु नीचे गिर गए और बेहोश हो गए। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची डाक्टरों की टीम ने पशुओं का पोस्टमार्टम करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
टीम में डा. हरविंदर सिंह संधू, डा. सुखविंदर सिंह कसेल, डा. जतिंदर सिंह, डा. बीर सिंह शामिल थे। डाक्टरों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेबोरेटरी में भेजी जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डीसी बलविंदर सिंह धालीवाल, एसपी हेड क्वार्टर थाना सराय अमानत खां के एसएचओ बलबीर सिंह सहित कई अधिकारी पहुंचे। एसपी हेड क्वार्टर नरिंदर बेदी का कहना है कि इसकी जांच की जा रही है। यह मामला बहुत गंभीर है। पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है।