लोगों को उनके घरों के पास सेहत सुविधा मुहैया करवाने के लिए जनवरी 2023 में अमृतसर जिला में 44 नए आम आदमी क्लिनिक खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर खोले जाने वाले इन मोहल्ला क्लीनिकों में से प्रत्येक पर 25 लाख रुपये की लागत आएगी। अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह सूदन ने यह जानकारी जिला अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दी।
डीसी सूदन ने बताया कि जनवरी में खोले जाने वाले 44 मोहल्ला क्लीनिकों में से 16 शहरी क्षेत्र में जबकि 28 देहाती क्षेत्र में खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्राइमरी सेहत केंद्रों के बुनियादी ढांचे में सुधार करके आम आदमी क्लीनिक खोले जाएंगे। इन क्लीनिकों में सभी बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जाएगा। यह क्लीनिक कारपोरेशन, पीडब्ल्यूडी, मंडी बोर्ड, पंचायती राज और नगर सुधार ट्रस्ट की ओर से बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंधी डिजाइन भी सरकार को मिल चुका है।
उन्होंने बताया कि जिले में पहले ही आठ आम आदमी क्लिनिक लोगों को बढ़िया सेवाएं दे रहे हैं और रोजाना प्रत्येक क्लिनिक में 100 से ज्यादा लोग अपना इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि सभी आम आदमी क्लीनिक 25 जनवरी तक मुकम्मल हो जाने चाहिए और इसमें किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एडीसी रणबीर सिंह मूधल, एसडीएम हरप्रीत सिंह, एसडीएम अजनाला राजेश शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. चरणजीत सिंह, एक्स-ई-एन इंद्रजीत सिंह, डॉ. मदन मोहन के अलावा कई अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।