जिले के कस्बा रमदास के गांव अवान के रहने वाले एक व्यक्ति की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। उसे तेज बुखार के साथ लिवर सिरोसिस, किडनी रोग व हाईपरटेंशन की शिकायत थी। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह (58) के तौर पर हुई है। उसने सोमवार को फोर्टिस एस्कार्ट अस्पताल में दम तोड़ा।
सैंपल रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि हरजिंदर सिंह स्वाइन फ्लू पॉजिटिव था। इस घटना की जानकारी मिलने पर एस्कार्ट अस्पताल प्रबंधन ने मृतक के शव को विशेष कवर में ढक कर मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है। अमृतसर में स्वाइन फ्लू से यह पहली मौत बताई जा रही है।
हरजिंदर सिंह कस्बा रमदास के गांव अवान का रहने वाला था। उसे तेज बुखार के साथ-साथ लिवर सिरोसिस, किडनी रोग और हाईपरटेंशन की शिकायत थी। बीते शनिवार को उसे एस्कार्ट अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। मरीज में स्वाइन फ्लू के लक्षण भी दिख रहे थे।
ऐसे में डॉक्टरों ने उसका सैंपल लेकर जांच के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थित स्वाइन फ्लू टेस्टिंग लैब में भेजा। इसी बीच सोमवार को हरजिंदर सिंह की मौत हो गई। हालांकि मौत का कारण किडनी फेलियर बताया जा रहा था। सोमवार दोपहर लगभग ढाई बजे लैब से हरजिंदर सिंह के स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी। साथ ही मृतक के शव को सुरक्षा कवच के साथ मोर्चरी में रखवा दिया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देसराज ने बताया कि विभाग ने एस्कार्ट अस्पताल में टीम भेजी है। मृतक के परिजनों की भी जांच की जाएगी।
विभाग की ओर से गांव अवान का भी सर्वे करवाया जाएगा। इस क्षेत्र में संदिग्ध बुखार से पीड़ित लोगों के सैंपल टेस्ट करवाए जाएंगे। सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस बल ने कहा कि स्वाइन फ्लू के मद्देनजर लैब के स्टाफ को अलर्ट किया गया है। ज्ञात रहे कि नवंबर व दिसंबर माह में स्वाइन फ्लू ग्रसित दो लोगों की जान जा चुकी है। पहला मामला तरनतारन और दूसरा फिरोजपुर का था।