अकाली दल के खिलाफ बयानबाजी करके चर्चा में रहने वाली भाजपा की संसदीय सचिव डॉ नवजोत कौर सिद्धू ने एक बार फिर अकाल दल पर हमला बोला है। डॉ. सिद्धू ने अब अकाली दल की ओर से पंजाब भर में करवाई जा रही सद्भावना रैलियों को निशाना बनाया है।
उन्होंने कहा कि अकाली दल की सद्भवाना रैलियां सिर्फ और सिर्फ पैसे की बरबादी है। इस से अकाली दल को कोई भी लाभ होने वाला नहीं है। वहीं यह रैलियां पूरी तरह रजनीतिक रूप में अर्थ हीन है।
उन्होंने एलान किया कि अकाली दल की ओर से बाबा बकाला में जो अमृतसर और तरनतारन जिले की संयुक्त सद्भावना रैली करवाई जा रही है, उसमें वह शामिल नहीं होगी।
यहां तक उसके पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से भी कोई उनका समर्थक इस रैली में शामिल होने के लिए नहीं जाएगा। उनके समर्थक इन रैलियों का पूरी तरह बायकाट करेगे।
उन्होंने कहा कि रैलियों में धक्के से लोगों को लेकर जाने के लिए अकाली दल की लीडरशिप अकाली वर्करों की ड्यूटियां लगा रही है। यह रैलियां अकाली दल अपने खो चुके आधार पर परदा डालने के लिए कर रहा है।
लोगों को जो मुश्किलें आ रही है उनका हल करने के लिए अकाली दल तैयार नहीं है। उन्होंने नेताओं को सलाह दी है कि रैलियों में समय व पैसा बरबाद करने की जगह समाज के विकास व कल्याण के लिए समय दें।