श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाओं को लेकर यहां दुनिया भर में रोष है वहीं इस बार सिख कौम ने भी दिवाली के अवसर पर दीपमाला न करने का फैसला लिया है।
सिखों की भावनाओं को मुख्य रखते हुए एसजीपीसी ने भी दरबार साहिब में दिवाली पर दीपमाला न करने का फैसला लिया है। दिवाली पर दरबार साहिब में आतिशबाजी भी नहीं चलाई जाएगी।
एसजीपीसी के अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब के बेअदबी की घटनाओं से सिखों के मनों को गहरी चोट पहुंची है।
सिख को भी इस बार रोष पूर्व दिवाली के त्योहार पर खुशी नहीं मनानी चाहिए। कुछ दिनों से अलग अलग सिख संगठनों की ओर से भी लगातार घोषणाएं की जा रही थीं कि इस बार बेअदबी के मामलों को लेकर सिख काली दिवाली मनाएं।
गौरतलब है कि अमृतसर व खासकर हरिमंदिर साहिब की दिवाली विश्व प्रसिद्ध है। दुनिया भर से दूर दूर से लोग अमृतसर व खासकर हरिमंदिर साहिब की दिवाली देखने के लिए आते हैं। दिवाली के अवसर पर विदेशों से भी भारी संख्या में संगत हरिमंदिर साहिब आती है।