थाना मौहकम्मपूरा के अंतर्गत पवन नगर में पांचवीं की छात्रा को नकाबपोश दो युवक ने अगवा कर लिया। एक राहगीर की मदद से छात्रा अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूट गई। पुलिस ने मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम बनाई है। पुलिस का दावा है आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पवन नगर निवासी मुस्कान भरत नगर स्थित माधव सर्वहितकारी माधव निकेतन स्कूल में पांचवीं की छात्रा है। छात्रा के अनुसार स्कूल की फीस लेट होने पर मैडम निशी शर्मा ने उसे घर भेज दिया। बच्ची की माता गीता शर्मा ने मैडम को फोन पर बताया फीस थोड़े दिन बाद जमा कर दी जाएगी। इसके बाद मुस्कान स्कूल लौट रही थी। मुस्कान के मुताबिक स्कूल गेट पर दो नकाबपोश लोगों ने उसके चाकू दिखाकर स्कूटर पर जबरन बैठा लिया। वेरका के पास अपहरणकर्ता स्कूटर में पेट्रोल भरवाने लगे।
उसके दोनों हाथ बंधे देखकर एक राहगीर को शक हुआ। राहगीर ने अपहरणकर्ताओं को पत्थर मारे। इस पर दोनों उसे धक्का देकर भाग निकले। बाद में बच्ची ने राहगीर के मोबाइल से घर पर फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना पाकर मौहकम्मपूरा पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने छात्रा से घटना के बारे में जानकारी ली। जांच अधिकारी एएसआई जाबांज सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम का गठन कर दिया गया, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।