ऑपरेशन सिंदूर के बाद बुधवार देर रात पंजाब के अमृतसर में तीन धमाकों की आवाज सुनाई दी। इसके बाद शहर में ब्लैक आउट कर दिया गया। लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई है। एयरपोर्ट को खाली करा दिया गया है। जालंधर व लुधियाना में भी ब्लैक आउट की सूचना है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धमाके रात 1:55 बजे सुनाई दिए। अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार, धमाके जैसी आवाज सुनी गई। इसकी वजह की जांच की जा रही है। इसके बाद एक बार फिर से शहर में डिफेंस ड्रिल के तहत ब्लैक आउट कर दिया गया।
ब्लैक आउट के दौरान अमृतसर के डीपीआरओ ने लोगों से धैर्य और संयम बरतने के साथ ही घरों में बने रहने की अपील की। प्रशासन ने अवाम से न डरने की बात कही और साथ ही लाइटें बंद रखने का आग्रह किया।
कल भी हुआ था पंजाब में धमाका
पंजाब के गुरदासपुर में मंगलवार-बुधवार रात लगभग डेढ़ बजे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से घरों की दीवारें तक हिल गईं। लोग घरों से बाहर आ गए।
पहलगाम में आतंकी हमले के जवाब में भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर के तहत मंगलवार-बुधवार मध्य रात पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला किया गया। इसी दौरान गुरदासपुर में तिब्बड़ी छावनी से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गांव पंधेर के खेतों में रात को जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई। घटना की सूचना मिलने पर सुबह सेना के जवानों के अलावा पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा, जहां खेतों में कुछ अवशेषों को एकत्र कर सेना और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जिस जगह पर खेतों में धमाका हुआ, उसके पांच 100 फीट के घेरे में ही तीन-चार डेरे बने हुए हैं। इनमें रहने वाले लोगों ने धमाके के बाद खेतों के नाड़ को लगी आग पर काबू पाया। खेतों में गिरे बमनुमा वस्तु के अवशेषों से इसके बम होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन सेना और पुलिस फिलहाल मामले की जांच की बात कर रही है। यह भी कहा जा रहा है कि यह अतिरिक्त फ्यूल टैंक हो।
लोगों का यह भी कहना है कि अचानक इस धमाके के बाद ही गुरदासपुर-मुकेरियां रोड पर ट्रक का टायर फट गया था जिससे जाम लग गया। इसके चलते इस घटना को नजरंदाज कर दिया गया, लेकिन बुधवार की सुबह घटनास्थल के पास स्थित डेरों के लोगों ने खेतों में जाकर देखा, तो उन्हें बमनुमा वस्तु के अवशेष मिले। लोगों ने जब छानबीन शुरू की तो अवशेषों की संख्या 50 के करीब पहुंच गई फिर पुलिस को सूचित किया गया।