अमृतसर। एसजीपीसी द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले अमृतधारी विद्यार्थियों को एक करोड़ 31 लाख की वजीफा राशि बांटी गई। शनिवार को सचखंड परिसर स्थित गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में हुए कार्यक्रम में एसजीपीसी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने 2 हजार 6 सौ 36 विद्यार्थियों को यह राशि दी। इस अवसर पर छठीं से दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को 3500 रुपये, 11वीं के विद्यार्थियों को 5 हजार, बीए के विद्यार्थियों को 8 हजार और पोस्ट ग्रेजुएशन के विद्यार्थियों को 10000 की राशि दी गई।
बीबी जागीर कौर ने कहा कि एसजीपीसी सिख कौम की चुनी हुई संस्था है। ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंधों के साथ-साथ सेहत, शिक्षा और लोक कल्याण के कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है। मौजूदा समय में एसजीपीसी 100 से अधिक शिक्षण संस्थानों का संचालन कर रही है। इस अवसर पर एसजीपीसी सदस्य भाई मंजीत सिंह और भाई अजैब सिंह मौजूद रहे।