बीएसएफ जवानों के बीच अभिनेता राम चरण।
- फोटो : @Ram charan instagram
दक्षिण भारतीय अभिनेता रामचरण सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से मिलने बीएसएफ कैंपस पहुंचे। बीएसएफ जवानों को साउथ इंडियन खाना खिलाने के मकसद से उन्होंने हैदराबाद से अपने शेफ को बुलवाया और खाना बनवाया। आरआरआर फिल्म के अभिनेता रामचरण ने मंगलवार को बीएसएफ सेक्टर हेडक्वार्टर में जवानों के साथ मेस में खाना खाया और जवानों के साथ मुलाकात कर उनकी ड्यूटी और उनके परिवारों के बारे में जाना। अब उनकी यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
अभिनेता रामचरण ने जवानों के साथ सेल्फी भी ली। आरआरआर की बड़ी सफलता के बाद आजकल वह शंकर के निर्देशन में बनने वाली फिल्म आरसी-15 की अमृतसर में शूटिंग कर रहे हैं। इससे पहले उनकी पत्नी उपासना ने सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होकर गुरु घर के लंगर के लिए पांच लाख रुपये शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) को भेंट किए थे।
साउथ इंडिया के यह कलाकार अपने पिता चिरंजीवी के साथ निर्देशक कोराताला शिव की आचार्य में भी दिखाई देंगे। इस फिल्म में रामचरण को पवित्र भूमि के रक्षक के रूप में दिखाया गया है, जो पवित्र भूमि और एक दिव्य नदी के बीच एक कड़ी का काम करते हैं। बताते हैं कि पंजाब विशेषकर अमृतसर में उन्हें जो लोगों का प्यार मिला है, इससे वे बहुत प्रभावित हैं। अभिनेता राम चरण ने तस्वीरों को इंस्टग्राम पर साझा किया और लिखा कि बीएसएफ परिसर, खासा अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल की कहानियों, बलिदानों और समर्पण को सुनने के लिए प्रेरक दोपहर बिताई।