आतंकी गतिविधियों में शामिल फरार चल रहे एक आरोपी को पंजाब पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस की मदद से संयुक्त अभियान चलाकर उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम ईशानप्रीत सिंह है, जो अमृतसर के छेहर्टा का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार और मादक पदार्थ मंगवाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है। इस आरोपी को उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र से पकड़ा गया है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे जाने वाले हथियारों और हेरोइन की खेप से जुड़े नेटवर्क का अहम हिस्सा था।
छापेमारी के दौरान फरार हो गया था आरोपी
जानकारी के मुताबिक मई माह में पंजाब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बीएसएफ को खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से भारतीय सीमा में बड़ी मात्रा में हथियार और मादक पदार्थ पहुंचाए गए हैं। इसके बाद संयुक्त टीम ने अमृतसर स्थित आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की थी। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपित मकान की छत से कूदकर फरार हो गया था। छापेमारी के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को घर से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद हुए थे। बरामदगी में 12 पिस्तौल, कई मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी। इस कार्रवाई के बाद से ही आरोपी की तलाश तेज कर दी गई थी।